Jaisalmer गर्मी के रेड जोन में, 10 मई के बाद मिलेगी राहत

10:53 AM May 08, 2024 | Suraj Bunkar

जैसलमेर न्यूज़  डेस्क, जैसलमेर जिले में गर्मी के तेवर और तल्ख हो गए। दिन के तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। इस सीजन में पहली बार तापमान 44 डिग्री के पार चला गया। मंगलवार को बाड़मेर के बाद सबसे गर्म जैसलमेर रहा। बाड़मेर का तापमान 45.2 डिग्री व जैसलमेर का तापमान 44.5 डिग्री रहा। हीट वेव की वजह से दिन में लोगों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया। तेज धूप और गर्म हवा से अब घरों की दीवारें भी हीट देने लगी है। इससे घर में पंखा चलने पर भी गर्मी से निजात नहीं मिल रही है। सड़कें और चौराहे सूने हो गए हैं। चिलचिलाती धूप के साथ झुलसाने वाली लू ने हाल बेहाल कर दिया। अगले दो दिन प्रदेशभर में भीषण लू चलने का अलर्ट है, इसके बाद नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तापमान में गिरावट होने से गर्मी से राहत मिल सकती है।

आज व कल हीटवेव का रहेगा असर

मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार 8 व 9 मई को भी हीटवेव की चेतावनी है। तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच सकता है। आगामी दो दिन भीषण गर्मी व लू के थपेड़ों से राहत मिलने की संभावना नहीं है। अब तापमान भी लगातार बढ़ने की संभावना है। पिछले 10 सालों में मई 2016 में अधिकतम तापमान 49 डिग्री दर्ज हुआ था। वहीं जून 1991 में एक बार अधिकतम तापमान 49.2 डिग्री दर्ज किया गया था।

10 मई से मौसम बदलने के आसार बनेंगे

मौसम केन्द्र जयपुर निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 10-11 मई को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। 10 मई से उदयपुर, कोटा, जोधपुर संभाग में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ आंधी बारिश की संभावना है। 11 मई से तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के चलते हीटवेव से राहत मिलने की संभावना है। 12 मई तक प्रदेश में आंधी बारिश का दौर चलेगा।